दबंगों ने युवती से विवाद के बाद की ताबड़तोड़ फायरिंग, मचा हड़कंप

0

लखनऊ के हाई सिक्योरिटी जोन हजरतगंज चौराहेे पर बुधवार आधी रात कार सवार दबंगों ने युवती से विवाद के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग की जिससे वहां पर हड़कंप मच गया। आरोपियों में से एक को बुधवार दोपहर वीडियो कॉल के दौरान युवती ने नजरअंदाज कर दिया था, जिस पर दोनों में तनातनी हुई। बाद में दोनों के बीच वॉट्सएप पर कहासुनी व गाली-गलौज भी हुई। जिससे भड़का आरोपी रात करीब 1 बजे युवती को ढूंढते हुए रोवर्स रेस्टोरेंट पहुंच गया। वहां रेस्टोरेंट मालिक के साथ कार में बैठी युवती से गाली-गलौज की। रेस्टोरेंट मालिक के विरोध पर दबंग ने पिस्टल की बट से उसकी कार का शीशा तोड़ दिया और हवाई फायरिंग करते हुए भाग निकला। रेस्टोरेंट मालिक और युवती की ओर से केस दर्ज करके पुलिस ने अमीनाबाद के कसाईबाड़ा निवासी आदिल और उसके बहनोई रेहान खान को गिरफ्तार कर लिया है। आदिल से अवैध पिस्टल भी बरामद हुई है।

हजरतगंज सीओ अभय कुमार मिश्रा ने बताया कि युवती और आदिल के बीच दोस्ती है। बुधवार दोपहर युवती सहेली के साथ तुलसी सभागार गई थी। वहां से उसकी सहेली ने आदिल को वीडियो कॉल की। आदिल ने युवती से बात कराने को कहा। सहेली ने युवती को फोन दिया, पर उसने बात नहीं की। नजरअंदाज किए जाने पर आदिल भड़क गया। दोनों में फोन पर तनातनी के साथ वॉट्सएप पर झगड़ा हुआ। आदिल युवती से मिलने की कोशिश करता रहा, पर वह नहीं मिली। रात को उसने युवती की सहेली को फोन कर उसके बारे में पूछा। सहेली ने बताया कि युवती इस वक्त रोवर्स रेस्टोरेंट में है। इस पर आदिल व एक अन्य व्यक्ति कार से पहुंचे। वहां रेस्टोरेंट मालिक प्रफुल्ल पांडेय के साथ कार में बैठी युवती को उसने बाहर आने को कहा, मना करने पर गालियां देने लगा। झगड़ा होने लगा प्रफुल्ल ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो आदिल ने पिस्टल की बट मारकर उसकी कार का शीशा तोड़ दिया। इस बीच रेस्टोरेंट के कर्मचारी व आसपास मौजूद लोग दौड़े तो आदिल गोलियां चलाते हुए भाग निकला। प्रफुल्ल ने बताया कि आदिल ने तीन फायर किए। पुलिस ने देर रात ही आलमबाग के सुजानपुरा निवासी रेहान को पकड़ लिया। बृहस्पतिवार शाम आदिल को भी दबोच लिया गया। वहीं देर रात खुला रोवर्स रेस्टोरेंट बंद करा दिया गया। दो साल पहले इसी चौराहे पर भाजपा के पूर्व विधायक जिप्सी तिवारी के बेटे को कार सवारों ने गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया था।

अवैध पिस्टल दिखा बनाता था दबदबा
आदिल बिगड़ैल किस्म का युवक है। उसके पिता शटरिंग का काम करते हैं। कुछ साल पहले उसने दोस्त के साथ मिलकर रेस्टोरेंट खोला था। हालांकि, वह ज्यादा दिन नहीं चला। इसके बाद से वह पिता का ही काम देख रहा है। वह दबदबा बनाने को अवैध पिस्टल रखता था। आदिल के पास मिली पिस्टल के बारे में भी पुलिस कोई जानकारी नहीं जुटा सकी है।

ऑपरेशन मिडनाइट को हजरतगंज पुलिस ने लगाया पलीता
रात को भीड़भाड़ वाली जगहों पर संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग करके अराजक तत्वों और अपराधियों की धरपकड़ के लिए शुरू किया गया ‘ऑपरेशन मिडनाइट’ हजरतगंज पुलिस की लापरवाही की भेंट चढ़ गया। अगर वह गंभीरता से इस पर काम करती तो बुधवार रात की घटना न होती।

रेहान की पत्नी ने लगाया फर्जी केस में फंसाने का आरोप
रेहान खान की पत्नी नगमा ने पुलिस पर उसे फर्जी केस में फंसाने का आरोप लगाया है। नगमा गर्भवती होने के चलते आठ दिन से फातिमा अस्पताल में है। उसने ऑपरेशन से एक बेटे को जन्म दिया है। बकौल नगमा, टांके खुलने की वजह से बुधवार को उसका दोबारा ऑपरेशन होना था, इसलिए रेहान व परिवार के अन्य सदस्य सुबह से रात तक अस्पताल में ही थे। रात को पुलिस अस्पताल आई और रेहान से आदिल के बारे में पूछने लगी। उसने जानकारी से इनकार किया तो उसे ले गई। परिवारवालों से पुलिस ने कुछ देर में छोड़ने की बात कही थी, लेकिन उसे जेल भेज दिया। नगमा का कहना है कि रेहान को अस्पताल के कर्मचारियों ने सुबह से रात तक यहीं देखा है। अस्पताल की सीसीटीवी फुटेज में भी वह नजर आ रहा है। उसने पति को जेल से छुड़ाने और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

About Post Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *