वैन चालक से परेशान होकर 13 साल की छात्रा ने लगा ली फांसी

0

लखनऊ के गोमती नगर इलाके में 13 साल की छात्रा ने घर में फांसी के फंदे को गले से लगा कर अपनी जान दे दी। ये कदम उसने स्कूल वैन चालक की छेड़छाड़ से परेशान होकर उठाया। मां ने पड़ोस में ही रहने वाले स्कूल वैन चालक के खिलाफ लखनऊ के गोमतीनगर थाने में तहरीर दी है।

छटे कक्षा की छात्रा अपनी मां व तीन भाई-बहन के साथ किराए के मकान में रहती थी। छात्रा मूल रूप से रायबरेली की निवासी थी। तीन साल पहले ही परिवार के साथ लखनऊ आई थी। उसके पिता व भाई रायबरेली में ही रहते हैं। मां गोमतीनगर स्थित नामी स्कूल में आया का काम करती है, जबकि 12वीं में पढ़ने वाली बड़ी बहन भी माली हालत ठीक न होने के चलते गोमती नगर में कंपनी में जॉब करती है।

छात्रा ने पहले मां व बड़ी बहन को चालक द्वारा हो रही छेड़छाड़ की जानकारी दी थी पर बदनामी के डर से वो चुप थे। परिवारीजनों के मुताबिक, स्कूल चालक छात्रा को अक्सर परेशान करता था। स्कूल आते-जाते अक्सर उसका रास्ता रोका करता था। मृतक छात्रा का छोटा भाई उसके साथ ही स्कूल में पढ़ता है। उसने भी पुलिस को जानकारी दी कि अक्सर स्कूल आते जाते समय चालक बहन को रोकता था। उसके स्कूल के बाहर गाड़ी लगाकर खड़ा रहता था।

पुलिस के मुताबिक बृहस्पतिवार सुबह मां स्कूल व बड़ी बहन अपने ऑफिस चली गई थी। घर में छात्रा, उसका छोटा भाई व तीन साल की बहन थी। सुबह करीब 10 बजे भाई छत पर खेलने चला गया। दोपहर करीब 12 बजे पड़ोस में रहने वाली महिला घर पहुंची तो छात्रा को फंदे पर लटकते देखा तो उसकी मां को सूचना दी।

पड़ोस की महिला ने बताया जब छात्रा को फंदे से लटके देखा तो उसके छोटे भाई को मां के स्कूल भेजा। मां का स्कूल घर से करीब आधा किमी दूर था। वहां पहुंचकर भाई ने मां को घटना की जानकारी दी। जानकारी होने पर मां स्कूल से भागती हुई घर पहुंची। उसे नीचे उतारा और लोहिया अस्पताल लेकर इलाज के लिए पहुंची, जहां डॉक्टरों ने छात्रा को मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक अमित दुबे के मुताबिक, छात्रा की मां ने देर शाम आरोपी स्कूल वैन चालक के खिलाफ तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के साथ-साथ छेड़छाड़ व आत्महत्या के लिए प्रेरित करने की गंभीर धारा के तहत केस दर्ज किया जाएगा।

About Post Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *