आसमानी आफत: नवी मुंबई में भारी बारिश का आतंक, खारघर की पहाड़ियों में फंसे 120 लोगों को बचाया गया।

सार
महाराष्ट्र के नवी मुंबई में खारघर पुलिस ने रविवार शाम दमकल अधिकारियों संग एक नाले को पार कर खारघर पहाड़ियों पर 78 महिलाओं और 5 बच्चों समेत 120 लोगों को बचाया।
विस्तार
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में आसमानी बारिश के वजह से तबाही मच गई है, कुछ इलाकों में 200 मिमी से ज्यादा बारिश और कई इलाके भी डूब गए हैं। लोगों के घरों में काफी ज्यादा पानी घुस गया है। सड़कों पर गाड़ियां बहती हुई दिखाई दे रही। दीवार गिरने और लैंडस्लाइड की अलग-अलग दुर्घटनाओं से अब तक 31 लोगों की मौत हो गई है। इसी दौरान महाराष्ट्र के नवी मुंबई में खारघर पुलिस ने रविवार शाम दमकल अधिकारियों संग मिलकर एक नाले को पार कर खारघर पहाड़ियों पर 78 महिलाओं और 5 बच्चों समेत 120 लोगों को बचाया। इसका एक वीडियो सामने आया है।
वीडियो में दिखाया गया कि खारघर की पहाड़ी में फंसे लोगों को बचाने के लिए दमकल विभाग ने बचाव अभियान चलाया है। इसी दौरान 120 लोगों को बचाया गया इनमें 78 महिलाएं भी शामिल है।
दमकल विभाग के अनुसार इन सभी 120 लोगों को खारघर की पहाड़ियों में अलग- अलग स्थानों से बचाया गया है। दमकलकर्मियों ने यह भी बताया कि फायर स्टेशन में उन्हें और लोगों की मदद के लिए कॉल आई थी। इसके बाद उन्हें बचाने के लिए अभियान चलाया गया है। वीडियो में दिखाया गया है कि दमकलकर्मी इलाके में फंसे लोगों को सीढ़ी के सहारे रास्ता पार करके बचा रहे हैं। नीचे बेहद तेज रफ्तार में पानी बह रहा है।
पिछले कुछ सालों में हुई कई दुर्घटनाओं को देखते हुए वन विभाग में जून में खारघर पहाड़ियों और पांडवकाड़ा वाटरफॉल में प्रवेश पर रोक लगा दी थी। निरीक्षक शत्रुघ्न माली ने यह भी कहा कि “यह लोग नवी मुंबई और मुंबई के विभिन्न स्थानों से आए थे, वह दिन में पहले नदी पार करके पहाड़ियों पर गए और रविवार होने की वजह से वहां घूम रहे थे, तभी भारी वर्षा के कारण नदी में उफान आ गया और उन सबके लिए वापस लौटना असंभव हो गया” जानकारी के मिलने पर हम ने दमकल अधिकारियों के साथ वहां पहुंच कर उन सभी लोगों को बचाया। फिलहाल किसी को किसी प्रकार की चोट नहीं आई है।